Login Popup Login SUBSCRIBE

ADVERTISEMENTs

अमेरिका से निर्वासितों का विमान पंजाब में नहीं उतरने देंगे, सीएम भगवंत मान ने क्यों दी धमकी?

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार पंजाब की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब करने की साजिश रच रही है।

पंजाब राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कड़ा विरोध जताया है। / photo credit: DIPRO Amritsar, Punjab.

भारत में पंजाब राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमेरिका से निर्वासित भारतीयों को सैन्य विमान से अमृतसर में उतारने जाने पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की साजिश करार दिया है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार पंजाब को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है।

भगवंत मान ने अमृतसर सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह दूसरा अमेरिकी विमान है, जो 119 भारतीयों को लेकर 15 फरवरी को रात 10 बजे अमृतसर पहुंच रहा है। एक और विमान 16 फरवरी को आ सकता है। मुख्यमंत्री ने गृह मंत्रालय से मांग की कि इस विमान को राजधानी नई दिल्ली या गुजरात के अहमदाबाद में उतारा जाए। 

उन्होंने विदेश मंत्रालय से अमृतसर को लैंडिंग स्थल के रूप में चुनने के मापदंडों की स्पष्टता मांगी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार पंजाब की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब करने की साजिश रच रही है। अमृतसर में अमेरिकी विमान की लैंडिंग इसी साजिश का हिस्सा है।

भगवंत मान ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए कहा कि स्वयंभू वैश्विक नेता मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से हाथ मिला रहे थे और उसी समय भारतीयों को जंजीरों में बांधकर देश भेजा जा रहा था। यह विदेश नीति की विफलता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने लोगों को सम्मानपूर्वक वापस लाएंगे। हम उन्हें कैदियों की गाड़ियों में नहीं ले जाएंगे, जैसा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जानबूझकर अमृतसर को चुना गया है ताकि मीडिया में यह छवि बने कि केवल पंजाबी ही अवैध रूप से विदेश जाते हैं।

भगवंत मान ने दावा किया कि जब उन्होंने अमृतसर या मोहाली से अमेरिका और कनाडा के लिए उड़ानें शुरू करने का अनुरोध किया था तो केंद्र सरकार ने इन हवाई अड्डों को अनुपयुक्त बताया लेकिन अब अमेरिकी सैन्य विमान के लिए ये हवाई अड्डे उपयुक्त माने जा रहे हैं।

भगवंत मान ने चेतावनी देते हुए कहा कि हम अब और अधिक अमेरिकी विमानों को पंजाब में नहीं उतरने देंगे। हमने विदेश मंत्रालय के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है लेकिन हमें अभी तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। खबर लिखे जाने तक केंद्र ने इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी थी। 

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

ADVERTISEMENT

 

 

E Paper

 

 

 

Video

 

Related