Login Popup Login SUBSCRIBE

ADVERTISEMENTs

राष्ट्रपति चुनाव सर्वेः हैरिस और ट्रम्प में बराबरी की टक्कर, इस राज्य में सबसे कड़ा मुकाबला

एक सर्वे में शामिल अधिकांश लोगों का कहना था कि वे मतदान करने के लिए बेहद उत्साहित हैं और अमेरिकी लोकतंत्र की रक्षा उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है।

राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रम्प और कमला हैरिस के बीच कड़ी टक्कर के आसार हैं। / REUTERS/Umit Bektas/Elizabeth Frantz/File

अमेरिका में 5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में अब सात हफ्ते से भी कम समय बचा है लेकिन कमला हैरिस या डोनाल्ड ट्रम्प, कौन बनेगा अगला राष्ट्रपति इसे लेकर मतदाताओं में अब भी स्पष्ट राय बनती नहीं दिख रही है। गुरुवार को जारी नए सर्वेक्षणों में दोनों के बीच कड़ी टक्कर के आसार बताए गए हैं। प्रमुख राज्यों में पेंसिल्वेनिया इनकी जंग का नया अखाड़ा बन सकता है।

सर्वेक्षणों के अनुसार, संभावित और पंजीकृत मतदाताओं ने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ट्रम्प के साथ पिछले हफ्ते हुई डिबेट में डेमोक्रेट प्रत्याशी कमला हैरिस को ज्यादा अंक दिए थे। खासकर कडे़ मुकाबले वाले राज्यों दोनों के बीच कड़ी टक्कर दिखाई गई है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स, द फिलाडेल्फिया इन्क्वायरर और सिएना कॉलेज के एक सर्वेक्षण के अनुसार, 11-16 सितंबर को 2,437 संभावित मतदाताओं पर किए गए राष्ट्रीय सर्वे में हैरिस और ट्रम्प को बराबर 47 फीसदी मत मिले। त्रुटि का मार्जिन प्लस माइनस 3 प्रतिशत अंक था।

टाइम्स पोल के अनुसार, सात महत्वपूर्ण मुकाबले वाले राज्यों में से एक पेंसिल्वेनिया में हैरिस ने 4 पॉइंट की बढ़त बनाए रखी है। उनकी स्वीकार्यता 46% से बढ़कर 50% हो गई है। इसमें प्लस माइनस 3.8 प्रतिशत अंकों की त्रुटि मार्जिन की गुंजाइश बताई गई है।

द वाशिंगटन पोस्ट द्वारा अलग-अलग निष्कर्षों में एरिजोना, जॉर्जिया, मिशिगन, नेवादा, उत्तरी कैरोलिना, विस्कॉन्सिन में कड़ी टक्कर बताई गई है। ये राज्य चुनावी परिणाम पलटने की क्षमता रखते हैं। पेंसिल्वेनिया में 1,003 संभावित और पंजीकृत मतदाताओं पर 12 -16 सितंबर के बीच सर्वे किया गया। इनमें से 48% का कहना था कि वे हैरिस को अपना वोट देंगे जबकि 47% ने ट्रम्प के प्रति समर्थन दिखाया था। 

सर्वे में शामिल अधिकांश लोगों का कहना था कि वे मतदान करने के लिए बेहद उत्साहित हैं और अमेरिकी लोकतंत्र की रक्षा उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है। हालांकि मतदाताओं में इस बात को लेकर एकराय नहीं थी कि ट्रम्प या हैरिस में से कौन देश की स्वतंत्रता की रक्षा करने में ज्यादा सक्षम है। इस मामले में 48% ने हैरिस को और 45% ने ट्रम्प को चुना।

पिछले हफ्ते रॉयटर्स/इप्सोस के सर्वे में हैरिस को पंजीकृत मतदाताओं के बीच 5 प्रतिशत अंकों की बढ़त के साथ दिखाया गया था। उन्हें 47% तो ट्रम्प को 42% वोट मिले थे।

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

ADVERTISEMENT

 

 

E Paper

 

 

 

Video

 

Related